बेवर। नगर के मोहल्ला ब्रहमनान में 15वें राज्य वित्त से बनवाई गई सीसी रोड चार माह में ही उखड़ने लगी है। दस लाख की लागत से बनाई गई सीसी रोड में घटिया सामग्री लगाने का लोगों ने निर्माण के दौरान ही विरोध किया था। नगर के लोगों ने डीएम से जांच कराने की मांग की है।
मोहल्ला ब्रह्मनान के पश्चिमी हिस्से में बने बड़े नाले की कुछ हिस्से की दीवार जुलाई माह में गिर गई थी। नगर पंचायत द्वारा नाले की दीवार सहित सड़क बनाने का काम कराया गया। ठेकेदार द्वारा अक्तूबर 2020 में कार्य पूरा कर दिया गया। हालांकि मानकविहीन सड़क बनाने का लोगों ने निर्माण के समय भी विरोध किया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इस कारण यह सड़क चार माह में ही उखड़ना शुरू हो गई। नगर के मोनू, राजू, कुलदीप, निसार, आरिफ, रमेश, शमशाद आदि लोगों ने मामले की शिकायत नगर पंचायत कार्यालय में की। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने सड़क का निरीक्षण कर ठेकेदार को नोटिस भेजा है। लोगों ने डीएम से सड़क निर्माण की जांच कराने की मांग की है।
वर्जन
संबंधित ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। सड़क को पुन: सही कराने के निर्देश दिए गए हैं अन्यथा की स्थिति में नगर पंचायत द्वारा कार्य कराया जाएगा। ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
दुर्गेश कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी