मथुरा में जयंत चौधरी जनसभा को संबोधित करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि इस बार यूपी की जनता सरकारी खजाने को बेचने वालों को सत्ता से बाहर करने जा रही है। 2022 में प्रदेश के खजाने की चाबी किसानों और नौजवानों के हाथों में होगी। रालोद की सरकार बनने पर एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया। जयंत ने यह बातें बुधवार को मोरकी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित आशीर्वाद पथ कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
यूपी की सत्ताधीरी सरकार झूठ में नंबर वन
रालोद अध्यक्ष ने कहा कि यूपी की सत्ताधारी सरकार झूठ में नंबर वन है। किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा करके किसानों की लागत दोगुनी कर दी है। आज डीएपी खाद के लिए किसानों को जान देनी पड़ रही है। वादा किया कि सरकार में शामिल हुए तो युवाओं को एक करोड़ नौकरियां देने का काम करेंगे। उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर देंगे। उन्होंने यूपी पुलिस के मनोबल को ध्यान में रखते हुए तमाम बातें कहीं। कहा कि पुलिस भर्ती में उम्र सीमा को बढ़ाया जाएगा। बिजली के पुराने बिल माफ होंगे और अगली दरें हाफ होंगी।
इन नेताओं ने भी किया संबोधित
इससे पूर्व सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ठा. तेजपाल सिंह ने कहा कि आजादी से आज तक केवल पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौ. चरन सिंह ने ही किसानों के हित में कानून बनाए थे। रालोद नेता योगेश नौहवार ने कहा कि वह क्षेत्र के नौजवानों के भविष्य की खातिर संघर्ष कर रहे हैं, इसके लिए बार-बार जेल जाने को तैयार हूं। आशीर्वाद पथ कार्यक्रम को डॉ. अशोक अग्रवाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता पं. योगेश द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चेतन मलिक ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता चौ. सतवीर सिंह प्रधान व संचालन बाबूलाल प्रमुख और जगपाल चौधरी ने किया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष बाबूलाल प्रमुख, युवा जिलाध्यक्ष उमेश चौधरी, अनूप चौधरी, राजेंद्र सिकरवार, भगवती प्रसाद, कैलाश प्रधान, केदार पहलवान, राजकुमार नरवार, शोभित चौधरी, कालीचरन चौधरी समेत बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।