राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वाति सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बहन जी (बसपा सुप्रीमो मायावती) से अभी मेरा बदला खत्म नहीं हुआ है। 2019 में बहुजन समाज पार्टी का सफाया होने के बाद ही हिसाब पूरा होगा। प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वाति सिंह ने रविवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती और अभिनंदन समारोह के दौरान कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले उनसे सवाल क्यों नहीं करते जब मेरी बेटी, मेरी सास और मेरे साथ बुरा बरताव हुआ। रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद स्वाति सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज और भारतीय जनता पार्टी का एक ही मकसद है ‘सबका साथ, सबका विकास’ देश के प्रधानमंत्री और यूपी के मुख्यमंत्री इसी मंत्र को लेकर चल रहे हैं। क्षत्रिय समाज भी सभी समाजों को साथ लेकर चलता है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी के संबंध में उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। उन पर दो धाराएं बढ़ी हैं।
योगीराज में अपराध बढ़ने पर कहा कि अभी सरकार को बने दो महीने हुए हैं। पिछली सरकारों के देखिए जमीन आसमान का फर्क है। हमारी सरकार ने दो महीने में बहुत कंट्रोल किया है। अधिकारी बहुत लगन से काम रहे हैं। उन्होंने तीन तलाक को महिला विरोधी बताया। स्वाति सिंह अपने वेतन में से 50 हजार रुपये और क्षत्रिय सभा द्वारा उनको पहनाए गए चांदी के मुकुटों को किसी गरीब कन्या की शादी में देने का एलान किया। साथ ही उन्होंने समाज में चल रही दहेज प्रथा को समाप्त करने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी वेतन में से 20 हजार रुपये की नगद राशि दी। इस अवसर पर जिला क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष भंवर सिंह, जितेंद्र चौहान, बबिता चौहान, जवाहर सिंह, गजेंद्र परमार, हरेंद्र सिंह, लाखन सिंह, विजय पाल सिंह चौहान, कपूर सिंह सिकरवार, कल्पना धाकरे, उमेश्वरी देवी, पायल सिंह, पवन आगरी आदि मौजूद रहे।