आगरा के बिचपुरी के गांव कराहरा में चार अगस्त की रात बदमाशों ने घर में अकेले सो रहे रिटायर्ड फौजी बनवीर सिंह (60) की हत्या करके करीब 7 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी किए थे। मृतक के छोटे भाई हरेंद्र सिंह ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। वारदात के 14 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। परिजनों ने पुलिस से खुलासे की मांग की है।
थाना किरावली के गांव कराहरा निवासी हरेंद्र उर्फ पप्पू ठेकेदार ने बताया है कि वे पांच भाई थे। चार भाई आगरा शहर में रहते हैं। दूसरे नंबर के भाई बनवीर सिंह अपनी पत्नी ओमवती के साथ गांव में रहते थे। भाई हरेंद्र के मुताबिक बनवीर सिंह 2001 में फौज से रिटायर्ड हुए थे। उनके दोनों बेटे रविंद्र और राहुल की शादी हो चुकी है। रविंद्र अवधपुरी और राहुल शास्त्रीपुरम में रहता है।
पत्नी ओमवती का स्वास्थ्य खराब होंने के कारण वह बड़े बेटे के पास अवधपुरी गई थी। घर पर बनवीर सिंह अकेले थे। पांच अगस्त की सुबह साढ़े दस बजे ओमवती वापस घर पर आई तो, देखा कि पति का शव कमरे में पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। अंतिम संस्कार के बाद पत्नी ओमवती को घर में चोरी होने की जानकारी हुई। हरेंद्र ने बताया कि करीब सात लाख रुपए के सोने एवं चांदी के आभूषणों के अलावा 50,000 हजार की नकद भी गायब थी। हरेंद्र ने कहा कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है।
बदमाशों ने हत्या के बाद घर में चोरी की थी। मामले में सहायक पुलिस आयुक्त अछनेरा गौरव सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिेपोर्ट के अनुसार बनवीर सिंह की मौत गला दबाने के कारण हुई है। खुलासे के लिए थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस की टीम लगी हुई है।