मैनपुरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने सोमवार को डीएम, एसपी के साथ जेल का निरीक्षण किया। बंदियों की समस्याएं सुनकर निराकरण के निर्देश दिए। जेल अधीक्षक से कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी है। जेल अस्पताल और बैरकों के आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए।
विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सत्येंद्र कुमार चौधरी, डीएम अविनाश कृष्ण सिंह, एसपी अशोक कुमार राय ने सोमवार को जेल में पाकशाला और बैरकों का निरीक्षण किया। बंदियों की समस्याएं सुनीं। जेल अधीक्षक से कहा कि सर्दी के मौसम में जेल में बंदियों की अधिक संख्या को देखते हुए सतर्कता बरतना जरूरी है। बीमार होने पर बंदी को तत्काल उपचार दिलाया जाए। जेल अधीक्षक कोमल मंगलानी, जेलर पवन कुमार त्रिवेदी, डिप्टी जेलर सरोज कुमारी वर्मा भी मौजूद रहे।