कासगंज। अपर जिलाधिकारी एके श्रीवास्तव ने बताया है कि प्रधानमंत्री कल्याण अन्न योजना एवं एनएफएस योजना के अंतर्गत माह नवंबर के राशन का वितरण बुधवार से किया जाएगा। योजना के अंतर्गत राशन वितरण 15 नवंबर तक किया जाएगा।
अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी के राशन कार्ड धारकों को पांच किलोग्राम गेहूं प्रति यूनिट नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा। अंत्योदय कार्ड धारकों को अक्तूबर, नवंबर एवं दिसंबर माह की 3 किलोग्राम चीनी दी जाएगी। योजना के अंतर्गत पोर्टबिलिटी की सुविधा अनुमन्य होगी। राशन का वितरण नोडल अधिकारियों की निगरानी में किया जाएगा।
घटतौली किए जाने की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राशन वितरण के दौरान कोरोना गाइड लाइन का पालन करना होगा। यदि कोई राशन विक्रेता राशन नहीं देता है इसकी शिकायत संबंधित उपजिलाधिकारी या जिलापूर्ति निरीक्षक से की जा सकती है।