खेरागढ़फोटो सुमित अग्रवाल राशन माफिया फोटो पुलिस द्वारा उपलब्ध
खेरागढ़(आगरा)। राजस्थान के सीमावर्ती गांव कुल्हाड़ा से खेरागढ़ पुलिस ने सोमवार को सरकारी राशन के चावल से भरी मैक्स गाड़ी को पकड़ा। गाड़ी में 53 बोरियों में करीब 29 क्विंटल चावल भरा था। मौके से राशन माफिया सुमित अग्रवाल सहित एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है, जबकि चालक भाग निकला।
पुलिस और आपूर्ति विभाग के अधिकारी दोनों से चावल की आपूर्ति, भंडारण आदि की जानकारी के प्रयास में लगे हैं। पुलिस के मुताबिक सुमित अग्रवाल बड़ा राशन माफिया है, जो पूर्व में राशन की कालाबाजारी में जेल जा चुका है। वहीं, पुलिस की सूचना पर थाना खेरागढ़ पहुंचे आपूर्ति विभाग के एआरओ सूर्यप्रकाश पाठक, पूर्ति निरीक्षक सुमलिका सक्सेना और अमरनाथ मौर्या ने पकड़े गए चावल की जांच की। एआरओ ने बताया कि जब्त राशन को स्थानीय राशन विक्रेता के सुपुर्द कर दिया गया।
पूर्ति निरीक्षक खेरागढ़ सुमलिका सक्सेना ने बताया कि 29 क्विंटल चावल मिला है। पकड़े गए सुमित अग्रवाल निवासी पीपलखेड़ा खेरागढ़ और शिव सिंह निवासी नया नगला थाना कोलारी धौलपुर और भाग निकले चालक नरेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।