आगरा कैंट स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान डिप्टी एसएस के साथ हुई मारपीट के मामले में रेलवे कर्मचारी संघ ने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। संघ का कहना है कि घटना के बाद कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल है और मामले में पारदर्शिता जरूरी है।
आगरा कैंट स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान स्टेशन उपाधीक्षक (डिप्टी एसएस) नरेंद्र सिंह चाहर के साथ आरपीएफ कर्मियों द्वारा की गई पिटाई के मामले में उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ ने रेल प्रशासन से जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। संघ का कहना है कि घटना से रेलवे कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
संघ के मंडल मंत्री बंशी बदन झा ने मंडल रेल प्रबंधक आगरा मंडल को ज्ञापन देकर बताया कि वायरल वीडियो में आरपीएफ कर्मियों और असामाजिक तत्वों ने डीएसएस की पिटाई लगाई। उन्हें कैंट प्लेटफॉर्म पर घसीटते हुए भी देखा गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने जेएजी स्तर की जांच समिति बनाई थी। संघ ने मांग की है कि समिति की रिपोर्ट और अब तक की कार्रवाई सार्वजनिक की जाए।
जांच में देरी और बयान दर्ज नहीं
कैंट स्टेशन पर डीएसएस मारपीट मामले में अभी तक जांच आगे नहीं बढ़ सकी है। आरपीएफ के आरोपियों के बयान भी दर्ज नहीं हो पाए हैं। नवागत आरपीएफ कमांडेंट एस रामाकृष्णन ने तीन-चार दिन पहले कार्यभार संभाला है। जांच कमेटी ने आरोपियों को कोई नोटिस जारी नहीं किया है। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि कमेटी जांच पूरी करने में जुटी है। शीघ्र ही बयान दर्ज कर जांच को पूरा किया जाएगा