टूंडला स्टेशन पर कोहरे के बीच खड़ी ट्रेन
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। रेल प्रशासन ने कोरोना काल में बंद हुई लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के संचालन को पुन: हरी झंडी दिखा दी है। अब यह ट्रेन 4 जनवरी से पटरी पर लौटेगी जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
कोरोना काल में रेल प्रशासन ने आगरा फोर्ट-लखनऊ-आगरा फोर्ट इंटरसिटी एक्सप्रेस के संचालन को भी बंद कर दिया था। अधिकांश ट्रेनों के शुरुआत होने के साथ-साथ रेल प्रशासन ने बुधवार को आगरा फोर्ट- लखनऊ-आगरा फोर्ट इंटरसिटी एक्सप्रेस के संचालन को हरी झंडी दिखा दी है।
एनसीआर प्रयागराज के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह के अनुसार अभी यह ट्रेन 4 जनवरी से आगरा फोर्ट, यमुना ब्रिज होते हुए सुबह 7:20 पर टूंडला पहुंचेगी। जहां अपने निर्धारित 2 मिनट के ठहराव के बाद फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, इटावा, भरथना, फफूंद, झींझक, रूरा, पनकी धाम, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। जहां से यही ट्रेन इन्हीं ठहरावों के साथ रात 8:48 टूंडला पहुंचेगी। यहां अपने निर्धारित ठहराव के बाद यमुना ब्रिज होते हुए आगरा फोर्ट के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन 31 मार्च तक अपने 63 फेरे पूरे करेगी।