बिछवां। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के गांव-गांव, पांव-पांव पदयात्रा के तहत प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष किशन दुबे ने गांव मरहरी में चौपाल लगाई। उन्होंने कहा केंद्र सरकार के किसान कानूनों केे खिलाफ प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ही किसानों की आरपार की लड़ाई लड़ेगी। अन्नदाता किसान के साथ प्रसपा हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
बृहस्पतिवार को मरहरी में लगाई गई चौपाल में प्रसपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष भोगांव विधानसभा क्षेत्र प्रभारी किशन दुबेे ने कहा भाजपा केंद्र की भाजपा सरकार ने कृषि कानून बनाकर किसानों के साथ छलावा किया है। कृषि कानूनों से देश का किसान परेशान है। किसानों के हकों पर सरकार ने कुठाराघात किया है। अपने हकों की लड़ाई लड़ रहे किसानों की भाजपा सरकार में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। भाजपा सरकार में दलित, मजदूर, किसान, छात्र, नौजवान सभी परेशान है।
जिला महासचिव अरविंद यादव ने कहा किसान हित की बात कहकर वोट हासिल करने वाली भाजपा ने किसानों को ही सड़क पर ला दिया है। खरीद केंद्रों पर मक्का और धान बिचौलियों सहित व्यापारियों का ही खरीदा जा रहा है। जबकि किसान परेशान है। गरीब आदमी न्याय के लिए दर दर भटक रहा है। इस अवसर पर आजम खान, दिनेश यादव, जितेंद्र सिंह, अनुज यादव, पुनीत श्याम मिश्रा, अंकित यादव, निहाल सिंह मौजूद रहे।