कासगंज। सिढ़पुरा में बिना लाइसेंस के खाद की बिक्री का खुलासा हुआ है। अवैध रूप से खाद का भंडारण करने पर कृषि विभाग ने 758 खाद की बोरियों को सील कर दिया गया।
गांव बिलौटी में पुत्तूलाल शर्मा के मकान पर छापा मारा गया। मकान के एक कमरे में 154 बोरी इफको डीएपी और दूसरे कमरे में 156 बोरी कृभको डीएपी का अवैध भंडारण मिला। बोरियों को सील कर गांव की सोनी की अभिरक्षा में दिया गया है। गांव के ही उमेश कुमार सोलंकी के एक कमरे में कृभको डीएपी की 141 बोरी अवैध भंडारित मिलीं। इन्हें सील कर मोहित कुमार की सुपुर्दगी व अभिरक्षा मे दिया गया।
नगला गोवर्धन में चरण सिंह के मकान में इफको की 237 बोरी और कृभको डीएपी की 70 बोरी मिलीं, जिन्हें सील कर सत्यवीर सिंह की सुपुर्दगी व अभिरक्षा में दिया गया।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्रा ने बताया कि अवैध रूप से खाद का भंडारण करने व बिना लाइसेंस के खाद की बिक्री किए जाने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई थी। मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी। खाद को कहां से मंगाया गया है इन तथ्यों की भी जांच होगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।