पापा संस्था की ओर से कलक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
प्रोग्रेसिव आगरा पेरेंट्स एसोसिएशन (पापा) के बैनर तले अभिभावकों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि स्कूल अभिभावकों को संदेश भेजकर तीन से पांच दिन में फीस जमा करने की चेतावनी दे रहे हैं। संगठन ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया। चेतावनी दी है कि स्कूलों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
संगठन के सदस्यों ने कहा कि अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा के आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि किसी अभिभावक की ओर से शुल्क जमा नहीं किया जाता है तो भी उस छात्र का नाम न काटा जाए व उस छात्र को ऑनलाइन पठन-पाठन से वंचित न किया जाए।
संबंधित खबर- स्कूल फीस माफी के लिए 'पापा' ने किया प्रदर्शन, प्रशासन के सामने रखीं ये तीन मांगें
इसके विपरीत कुछ विद्यालय छात्रों को ऑनलाइन शिक्षा के ग्रुप से हटाकर उन्हें फीस जमा करने के लिए तीन से पांच दिन का समय दे रहे हैं। इस दौरान प्रवीन दीक्षित, मनोज शर्मा, मनोज गोयल, अरुण मिश्रा, शोभित, अनुराग चतुर्वेदी, रमन गोला, समीर खान, संजीव झा, रघुनाथ सिंह, नितिन, मनोज उपाध्याय आदि रहे।