बाइक चोरी के मामले में आरोपी और खरीददारों को छोड़ने के एवज में दरोगा पर 15-15 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप लगे हैं। शिकायत के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसीपी सैंया ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए हैं, जबकि आरोपित दरोगा और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।
आगरा में बाइक चोरी के आरोपी और खरीददारों को छोड़ने के आरोप में फंसे दरोगा के खिलाफ जांच शुरू हो गई है। बुधवार को एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए। इस मामले में सुदामापुरी निवासी पवन गोला ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि 26 अगस्त 2021 को उनकी बाइक चोरी हो गई थी।
थाना एत्माददौला में प्राथमिकी लिखाई। 20 जून को थाना मलपुरा पुलिस ने बताया कि बाइक बरामद हो गई है। वह थाने पहुंचे। तब पता चला कि बाइक चोरी करने वाले और दो खरीदारों को छोड़ दिया गया। इसके लिए दरोगा पर 15-15 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया। मामले में डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह ने जांच के आदेश किए। एसीपी सैंया ने पवन गोला को बयान के लिए बुलाया। उनके प्रतिनिधि ने बयान दर्ज किए।
डीसीपी ने बताया कि मामले में साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। दरोगा के भी बयान दर्ज किए जाएंगे। जिन लोगों को छोड़ने की बात कही जा रही है, उनको भी बुलाया जाएगा। आरोप सिद्ध होने के बाद ही कार्रवाई होगी।