जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के निजी कोविड अस्पतालों को रोजाना सुबह आठ बजे और शाम चार बजे दिन में दो बार खाली बेड, आईसीयू, एचडीयू की सूची चस्पा करनी होगी। रविवार से यह नियम लागू हो गया है। शनिवार को जिला प्रशासन ने मरीज के उपचार व खर्च को लेकर निजी अस्पतालों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिले में 46 अस्पताल मरीज भर्ती करेंगे। जिन 20 अस्पतालों को कोविड सूची से बाहर किया गया है वह कोविड संदिग्ध के रूप में मरीज को भर्ती कर उसकी जांच कराएंगे। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीज को कोविड अस्पताल में रेफर करेंगे। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने सीएमओ को अस्पतालों की निगरानी का जिम्मा सौंपा है।
डीएम ने कहा कि कोई भी अस्पताल पूर्व में तय सरकारी कीमतों से अधिक रुपये मरीज से नहीं लेगा। मरीज भर्ती नहीं करने और अधिक रुपये वसूलना दंडनीय अपराध है। शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक कोविड अस्पताल को रोज दो बार सभी तरह के खाली बेड का ब्योरा नोटिस बोर्ड पर चस्पा करना होगा। सीएमओ की टीम औचक निरीक्षण कर खाली बेड की सूचना प्रदर्शित नहीं करने वाले कोविड अस्पतालों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी।
कंट्रोल रूम को भी देनी होगी सूचना
डीएम ने बताया कि कोविड अस्पतालों को अपने नोटिस बोर्ड के अलावा नियमित रूप से कंट्रोल रूम पर भी खाली बेड, आईसीयू, वेंटीलेटर, एचएनएफसी की उपलब्धता की सूचना देनी होगी।
115 वेंटीलेटर और 345 आईसीयू बेड
शहर में 25 निजी कोविड अस्पतालों में 1452 बेड हैं। 115 वेंटीलेटर हैं। 345 आईसीयू बेड हैं। इनमें आइसोलेशन बेड का खर्चा प्रति दिन 10 हजार रुपये तय किया है। इससे अधिक कीमत वसूलना दंडनीय अपराध होगा।
250 बेड का अलग इंतजाम
शहर से 15 किमी दूर सींगना गांव में 250 बेड का अस्थाई अस्पताल चालू हो गया है। यहां रविवार से मरीज भर्ती होंगे। इस अस्थाई कोविड सेंटर को एफमेक, आईएमए और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से चलाएगा।
अस्पताल करेंगे ऑक्सीजन की व्यवस्था
डीएम प्रभु एन सिंह ने कहा कोई भी अस्पताल किसी भी बीमारी से पीड़ित मरीज को भर्ती करने से मना नहीं करेगा। ऑक्सीजन की व्यवस्था अस्पताल को खुद करनी होगी। उनका वेंडर ऑक्सीजन पहुंचाएगा। मरीज के तीमारदार से ऑक्सीजन नहीं मंगाई जाएगी।
यहां मुफ्त में होगा उपचार
- एसएन मेडिकल कॉलेज- 315 बेड
- जिला अस्पताल - 78 बेड
- एसएन में स्वास्थ्य विभाग-100 बेड
- पांच स्वास्थ्य केन्द्र- 150 बेड
ये होगा अस्पताल में खर्चा
- आइसोलेशन वार्ड- 10 हजार रुपये प्रतिदिन
- बिना वेंटीलेटर आईसीयू वार्ड- 15 हजार रुपये प्रतिदिन
- वेंटीलेटर सहित आईसीयू वार्ड- 18 हजार रुपये प्रतिदिन