फिरोजाबाद से गुजरी प्रेसिडेंशियल स्पेशल ट्रेन
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार से तीन दिन कानपुर दौरे पर हैं। शुक्रवार को उनकी ट्रेन फिरोजाबाद जनपद से होकर भी गुजरी। सुरक्षा के लिए पूरे जनपद में विशेष प्रबंध किए गए। करीब साढ़े तीन बजे ट्रेन टूंडला रेलवे स्टेशन से निकली। इस दौरान सभी गाड़ियों को रोक दिया गया।
पारस एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली आखिरी ट्रेन थी। राष्ट्रपति की सुरक्षा में कोई कसर न रह जाए, इसके लिए पुलिस अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में फोर्स लगाया गया। शुक्रवार को फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म से गुजरने वाला रास्ता रस्सी से बंद कर दिया गया। वहीं एफएच मेडिकल कॉलेज और अन्य फ्लाईओवर पर वाहनों को रोक दिया गया। जिससे आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर जाम लग गया। हालांकि कुछ देर बाद जाम खुल गया।
ट्रेन गुजरने से पहले पूरे प्लेटफार्म पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने अच्छी तरह सुरक्षा की जांच की। सुरक्षा के लिए दमकल की एक गाड़ी को भी स्टेशन पर रखा गया। बता दें कि कड़ी सुरक्षा के बीच राष्ट्रपति की ट्रेन को कानपुर तक लाया जाएगा। उनके कार्यक्रम स्थल पर पांच चक्र में सुरक्षा घेरा बनाया गया है। उनकी ट्रेन फिरोजाबाद से करीब 120 किलोमीटर की स्पीड से गुजरेगी लेकिन कॉसन में गाड़ी की रफ्तार कम रही।