राष्ट्रपति के अलावा राज्यपाल राम नाईक, एनएसए अजीत डोभाल और रक्षा वैज्ञानिक टेसी थॉमस भी मौजूद हैं।
- फोटो : अमर उजाला
आगरा विश्वविद्यालय के 83वें दीक्षांत समारोह में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को डाक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। उनके अलावा रक्षा वैज्ञानिक टेसी थॉमस को भी डाक्टरेट की उपाधि दी गई।
बता दें कि एनएसए अजीत कुमार डोभाल आगरा विश्वविद्यालय (वर्तमान में डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय) के छात्र रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1967 में यहां अर्थशास्त्र से एमए किया था। 83वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मौजूदगी में राज्यपाल राम नाईक और विवि के कुलपति अरविंद कुमार दीक्षित ने डोभाल को डी.लिट की उपाधि दी।
इसके बाद रक्षा वैज्ञानिक टेसी थॉमस को भी डाक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। उन्हें रक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानति किया गया है। डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के 83वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बतौर मुख्य अतिथि भाग ले रहे हैं। प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि के रूप में यूपी के ऊर्जा मंत्री और सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा भी मौजूद हैं।