फिरोजाबाद। फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर महिलाओं और युवतियों से दोस्ती करने के बाद उनको ब्लैक मेल करने के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। इसको रोकने के लिए पुलिस अफसरों ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी अशोक कुमार शुक्ल का कहना है कि कुछ लोग फर्जी आईडी से फेसबुक एकाउंट बना लेते हैं। उसके बाद महिलाओं को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने के साथ ही महिलाओं व युवतियों को पहले अपने प्रेम जाल में फंसाते है। उसके बाद उनके अश्लील फोटो आदि एकत्रित कर ब्लेकमेल करने का काम करते है। युवतियां और महिलाएं बदनामी के डर के कारण इसकी जानकारी न तो अभिभावकों को देती है और न ही पुलिस को। इसका फायदा आरोपी युवक उठाते हैं। कुछ इसी तरह का एक मामला जसराना थाना क्षेत्र का है। जसराना थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक ने फेसबुक के माध्यम से सेवानिवृत्त पीपीएस अधिकारी की पुत्रवधु से दोस्ती कर ली थी। महिला परिजनों को छोड़कर युवक के पास आ गई थी। मामला सेवानिवृत्त अधिकारी की पुत्रवधु का था। इसलिए पुलिस ने आनन फानन में कार्रवाई करते हुए महिला को बरामद कर लिया। इस घटना के बाद पुलिस ने महिलाओं और युवतियों को इस तरह के अपराध से बचने को मुहिम की शुरुआत कर दी है। सोशल मीडिया पर मैसेज कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है जिससे साइबर अपराध को रोका जा सके।