बीच सड़क कार के बोनट पर तलवार से काटे केक
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के आगरा में शाहगंज थाना पुलिस ने गाड़ी पर चढ़कर तलवार लहराने और केक काटने वाले रौनक ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमे में 20 अज्ञात आरोपी भी हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो काफी वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। विवेचना में सभी के नाम खोले जाएंगे। मुकदमे में जो धाराएं लगी हैं, उनमें गिरफ्तारी का प्रावधान नहीं है।
वीडियो आठ अप्रैल की शाम खेरिया मोड़ का निकला
वीडियो सोमवार को वायरल हुआ था। इसमें दिख रहा था कि कार पर चढ़कर रौनक ठाकुर हाथ में तलवार लिए हुए हैं। बोनट पर केक रखे हुए हैं। कार के आसपास युवक जश्न मना रहे हैं। मामले में ट्वीट किया गया। यह सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। ट्वीट के बाद हरकत में आई पुलिस ने जांच की। इसमें पता चला कि वीडियो आठ अप्रैल की शाम को खेरिया मोड़ का है। तलवार लहराने वाले रौनक ठाकुर हैं।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि एसआई विपिन तेवतिया ने मुकदमा लिखाया है। इसमें धारा 283 व 117 लगाई गई हैं। मुकदमे में रौनक के अलावा 20 अज्ञात आरोपी हैं। जिन धारा में मुकदमा दर्ज है, उनमें सात साल से कम सजा है। इसलिए गिरफ्तारी नहीं की जा सकती है। तलवार बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे। इससे केस में धारा की वृद्धि की जाएगी। तब गिरफ्तारी की जा सकती है।