करहल में बुजुर्ग को बैठाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : करहल में बुजुर्ग को बैठाते पुलिसकर्मी।
मैनपुरी। लड़खड़ाते कदमों से शनिवार की दोपहर थाने पहुंचे नगला जंगी निवासी एक वृद्ध की सांस फूलता देख प्रभारी निरीक्षक ने अपनी कुर्सी छोड़ दी। तुरंत ही अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सहारा देकर वृद्ध को कुर्सी पर बैठाकर जलपान कराया। बेटे से परेशान वृद्ध को भरोसा दिलाया कि वह खुद मौके पर आकर आपकी समस्या का समाधान करेंगे।
70 वर्षीय वृद्ध हाथ में लाठी लिए और लड़खड़ाते कदमों से अंदर आए तो हालत देख प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी तुरंत ही अपनी कुर्सी से उठे और कर्मियों को मदद के लिए निर्देशित किया। खुद वृद्ध को सहारा देकर कुर्सी पर बैठाया। वृद्ध की सांस फूल रही थी। उन्हें नाश्ता कराने के बाद पुलिसकर्मियों ने पानी पिलाया गया। वृद्ध ने अपना नाम विजय सिंह बताया।
प्रभारी निरीक्षक को बताया कि वह नगला जंंगी के रहने वाले हैं। बेटा उनको जमीन जायदाद के लिए परेशान करता रहता है। वृद्ध ने कहा कि उन्हें इस उम्र में शांति चाहिए। जिस पर प्रभारी निरीक्षक ने आश्वासन दिया कि वह खुद मौके पर आकर समस्या का हल कराएंगे। प्रभारी ने चौकी पुलिस को नगला जंगी पहुंच कर स्थिति का पता लगाने के निर्देश दिए।