बिचपुरी। बेसिक शिक्षा परिषद की ब्लॉक स्तरीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को एसटीपीआई, सुनारी मोड़ पर आयोजित की गई। खंड शिक्षा अधिकारी उमेश कुमार गौतम ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। व्यायाम शिक्षिका अवनीश मलिक के संचालन में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। खेल स्पर्धाओं में कंपोजिट विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय बिचपुरी के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया।
प्राथमिक स्तर की 50 मीटर और 100 मीटर बालिका दौड़ में बिचपुरी की प्रियाशी प्रथम रही। बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में बसुआ नंबर के आरव और 100 मीटर में टपरा के अनुज ने पहला स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक स्तर की 200 मीटर व 400 मीटर बालिका दौड़ में बिचपुरी की लवली प्रथम स्थान पर रही। बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में बिचपुरी के भानु और 100 मीटर दौड़ में मोहम्मदपुर के गुलशन कुमार ने बाजी मारी। बालिका खो-खो में कंपोजिट विद्यालय बिचपुरी की टीम विजेता व पथौली द्वितीय की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में धर्मेंद्र सिंह, हिम्मत सिंह और विपिन पचौरी सहित अन्य शिक्षकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता से परिषदीय विद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतरीन मंच मिला है। - उमेश कुमार गौतम, खंड शिक्षा अधिकारी