आगरा। टोरंट पावर के ठेकेदार ने राजनगर में तीन दिन में दूसरी बार पानी की पाइपलाइन तीन जगह से तोड़ दी। इससे यहां के करीब 10 हजार लोगों को पानी नहीं मिल पाया। क्षेत्रीय पार्षद की अगुवाई में लोगों ने हंगामा और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद देर शाम को टोरंट पावर के ठेकेदार ने पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया।
टोरंट पावर के ठेकेदार राजनगर में भूमिगत केबल डालने का काम कर रहे हैं। तीन दिन पहले खोदाई के दौरान पानी की लाइन टूट गई थी। इसके कारण इलाके में पानी की आपूर्ति बंद हो गई। बाद में इसकी मरम्मत कराई गई। खोदाई के कारण बृहस्पतिवार को फिर से पानी की पाइपलाइल तीन जगह से टूट गई। करीब दस हजार लोग पानी के लिए परेशान रहे। क्षेत्रीय पार्षद के अनुसार उन्होंने जलकल विभाग के इंजीनियर को कई बार फोन किए, लेकिन उसने फोन उठाया नहीं। लोगों के प्रदर्शन के बाद ठेकेदार ने पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया है।
तीन जगह से टूटी पाइपलाइन
पाइपलाइन तीन जगह से टूटी है, जिसकी मरम्मत के लिए मैं दोपहर से जलकल इंजीनियर को फोन कर रहा हूं, पर वह फोन उठाते नहीं। नगर निगम केबल की खोदाई की अनुमति रद्द करे। मानकों को धता बताकर खोदाई की जा रही है। बार-बार पाइपलाइन तोड़ी जा रही है, और इंजीनियर चुप हैं। यह मिलीभगत नहीं तो क्या है। - बंटी माहौर, पार्षद, राजनगर
मौके पर की मरम्मत
भूमिगत केबल बिछाने के काम में यूटिलिटी की कई चीजें प्रभावित होती हैं, जिनकी मरम्मत के लिए मौके पर ही टीम रहती है। पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है, जल्द ही काम पूरा हो जाएगा। - शैलेष देसाई, उपाध्यक्ष, टोरंट पावर
व्यवस्था में लीकेज
न्यू राजामंडी में लीकेज, सड़क पर बर्बाद हुआ गंगाजल
बृहस्पतिवार को न्यू राजामंडी में 14 इंच की जर्जर पाइपलाइन लीक हो गई, जिससे पानी सड़क पर फैलकर बर्बाद होता रहा। लोहामंडी जोनल पंपिंग स्टेशन से इस लाइन के जरिए गोकुलपुरा, किदवई पार्क, अशोक नगर, बल्का बस्ती, बेसन बस्ती, लोहामंडी, न्यू राजामंडी, बाजार, बाड़ा चरन सिंह को पानी की सप्लाई की जाती है। पाइपलाइन टूटने से नवमी पर इन क्षेत्रों के लोगों के सामने पानी का संकट रहा। लोहामंडी के पार्षद शरद चौहान ने बताया कि न्यू राजामंडी से स्टेशन रोड पर पाइपलाइन जर्जर हो चुकी है। मैं कई बार लाइन बदलवाने के लिए पत्र देकर मांग कर चुका हूं। हर 15 दिन में कहीं न कहीं से लाइन लीक हो रही है। इंजीनियर फोन नहीं उठाते।