आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए छात्रों को अभी कुछ और इंतजार करना पडे़गा। दिसंबर में परीक्षा का आयोजन मुश्किल है। अभी तक पीएचडी की सीटों की स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं विवि का दीक्षांत समारोह 19 दिसंबर से प्रस्तावित है। इसकी तैयारी शुरू हो गई हैं। इस कारण अब परीक्षा जनवरी में हो पाएगी।
पीएचडी की प्रवेश परीक्षा के संयोजक प्रो. लवकुश मिश्रा ने बताया कि शोध निर्देशक बनने के लिए शिक्षकों से आवेदन प्राप्त किए जा चुके हैं। 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से तमाम शिक्षक ऐसे हैं, जो पहली बार शोध निर्देशक बनेंगे। इनके आवेदनों को शोध निर्देशक निर्धारण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। वह मानकों पर खरे उतरने वाले शिक्षकों को ही शोध निर्देशक बनने की अनुमति देंगे। सोमवार को समिति को शिक्षकों के आवेदन भेज दिए जाएंगे। शोध निर्देशकों के तय होने के बाद पीएचडी की सीटों की संख्या का ब्योरा तैयार किया जाएगा, उसी के अनुरूप प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन मांगे जाएंगे। दीक्षांत होने के कारण दिसंबर में पीएचडी की प्रवेश परीक्षा कराने की स्थिति नहीं बन रही है। आवेदन जरूर स्वीकार किए जा सकते हैं।