रिलायंस पंपों पर डीजल-पेट्रोल की बिक्री बंद
रिलायंस कंपनी के पंपों पर पेट्रोल-डीजल की बिक्री बंद हो गई है। यहां पर पेट्रोल-डीजल का भंडारण समाप्त हो गया है। इससे वाहन चालकों को बिना पेट्रोल-डीजल के पंपों से लौटना पड़ा। इस किल्लत की वजह यूक्रेन में युद्ध और डीजल पर थोक खरीद पर 25 रुपये बढ़ोतरी बताई जा रही है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज डीजल-पेट्रोल यूनिट के डीलर उमेश जैन ने बताया कि आगरा जिले में रिलायंस कंपनी के सात पंप हैं, जो हाईवे पर हैं। जोकि छलेसर, एत्मादपुर, फतेहपुरसीकरी, किरावली, खंदौली के नंदलालपुर, ग्वालियर रोड सेवला, रहपुरा जाट में हैं। यहां पर दो-तीन दिन से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
भंडारण हो गया खत्म
ऐसे में इन पंपों पर जब तक डीजल-पेट्रोल का भंडार था, तब तक बिक्री की गई। लेकिन अब भंडारण खत्म हो गया है। ऐसे में बिक्री बंद कर दी है। पंपों पर इस बाबत सूचना भी चस्पा की है। यह स्थिति देशभर में बनी हुई। इसकी वजह यूक्रेन में रूस के हमले से आपूर्ति प्रभावित बताई गई है।
डीजल पर थोक खरीद पर बढ़ाए गए 25 रुपये प्रति लीटर से भी प्रभाव पड़ा है। रिलायंस पंपों पर रोजाना 95 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री होती है। इसमें 35 हजार लीटर डीजल और 60 हजार लीटर पेट्रोल है। कीमत की बात करें तो पेट्रोल 94.90 रुपये और 86.36 रुपये है।
आईओसी के पंपों पर कोई प्रभाव नहीं
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के पंपों पर डीजल-पेट्रोल की बिक्री सामान्य दिनों की तरह ही है। आगरा पेट्रोल पंप ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश मल्होत्रा ने बताया कि सभी पंपों पर पेट्रोल-डीजल की पूर्व की तरह आपूर्ति मिल रही है।