कासगंज के सहावर के हीरापुर में विद्युत करंट की चपेट आने से मौत का शिकार युवक खनुआ सिंह का फाइल फोट?
- फोटो : KASGANJ
सहावर (कासगंज)। क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में बृहस्पतिवार को मकान की टिन पर गिरे बिजली के तार के कारण करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य परिजन घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन का आरोप है कि विद्युत निगम के कर्मियों द्वारा लापरवाही दर्शाते हुए चेकिंग के दौरान तार काटकर डाल दिया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ है।
मृतक खनुआ (30) निरोत्तम नायक निवासी हीरापुर सहावर के भाई का आरोप है कि विद्युत कर्मी बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान पड़ोसी की लाइन काटकर तार उनकी टिन पर छोड़ गए। शुक्रवार की सुबह जब बिजली आई तो तार के कारण करंट टिन में प्रवाहित हो गया। भतीजा सुमित टिन की ओर गया तो करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने वह पहुंचा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। उन्हें करंट लगते देख उसकी मां प्रेमादेवी पत्नी निरोत्तम भी पहुंच गई और करंट की चपेट में आ गई। इसके बाद खनुआ जब सभी को बचाने का प्रयास कर रहा था तो टिन में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गया। जैसे-तैसे कर सभी टिन से दूर हुए। सभी लोगों को सहावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने खनुआ को मृत घोषित कर दिया।
परिजन को बचाने के प्रयास में चली गई खनुआ की जान
कासगंज। टिन में करंट आने से सबसे पहले खनुआ का भतीजा चिपक गया। उसे बचाने के लिए उसकी मां प्रेमादेवी पहुंची और फिर उसका भाई दुर्वेश। जब उनको टिन में चिपकते हुए देखा तो वह परेशान हो गई। वह परिजन को बचाने में जुटा रहा। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। उसे अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
विद्युत करंट की चपेट में आकर खनुआ निवासी हीरापुर की मौत हुई हैं। परिजन के द्वारा विद्युत कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तार काटकर टीन पर डाले जाने की बात कही जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। - राजकुमार, कोतवाली प्रभारी सहावर।
विद्युत करंट से मृतक युवक के मामले में जांच कराई जा रही है। यदि जांच में विद्युत विभाग की लापरवाही सामने आती हैं तो कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नियमानुसार मृतक के परिजन को 5 लाख का मुआवजा दिलाया जाएगा। - रवेंद्र कुमार, उपजिलाधिकारी सहावर।