वृंदावन में कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक में सेवा का भाव सिर चढ़कर बोल रहा है। यहां सेवाभावी लोग तरह-तरह से साधु-संतों के साथ कान्हा के भक्तों की सेवा कर रहे हैं। इसमें चंद्रोदय मंदिर का खिचड़ी प्रसाद और फलहारी बाबा शिविर का भोजन प्रसाद भक्तों को खूब भा रहा है।
16 फरवरी से वृंदावन में यमुना के तट पर आयोजित हो रहे वैष्णव कुंभ में साधु-संतों के दर्शन और सेवा के लिए लोग अनेक प्रयास कर रहे हैं। इस पवित्र भूमि पर आराधना कर रहे साधु-संत भी सेवाभाव में पीछे नहीं है। कथाओं की अमृत वर्षा हो रही है। इसी के बीच प्रसादी का वितरण भी यहां खूब हो रहा है। प्रत्येक पंडाल में प्रसादी भक्तों को खिलाई जा रही है। इसमें चंद्रोदय मंदिर का खिचड़ी प्रसाद श्रद्धालुओं की पसंद बना हुआ है।
जनसंपर्क प्रमुख अनंतवीर्यदास ने बताया कि देवरहा बाबा घाट एवं जगन्नाथ घाट पर चंद्रोदय मंदिर के भक्तों द्वारा प्रात: 8 बजे से ही श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी एवं हलवा का वितरण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को प्रात: 11 बजे से 2 बजे के मध्य मध्याह्न भोजन एवं शाम 5 बजे से रात्रि 8 बजे के मध्य नियमित रूप से पंडाल में बैठाकर भोजन परोसा जा रहा है।