सोरोंजी। तीर्थनगरी में खूंखार बंदरों का आतंक दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। बंदर आए दिन छोटे बच्चों को काटकर घायल कर रहे हैं, जिसके कारण बच्चे घर के बाहर दोस्तों के साथ खेलने, बाजार जाने से डर रहे हैं।
रविवार को कस्बे के मढ़ई मोहल्ला निवासी माधव की 5 वर्षीय पुत्री अवनी अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी, तभी बंदरों ने आकर अवनी पर हमला बोल दिया और उसके पैरों में काट लिया। परिजन उसे स्थानीय सीएचसी पर ले गए, जहां उसके एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई। बंदर लोगों के हाथों से सामान छीन ले जाते हैं।
बाजार में दुकानदार की नजर चूकने पर बंदर दुकानों में घुसकर सामान खराब कर देते व उठाकर ले जाते हैं। घरों में भी घुसकर काफी नुकसान पहुंचाते हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से बंदरों को पकड़वाकर जंगल में छोड़े जाने की मांग की है। मांग करने वालों में अनुभव तिवारी, मनोज कुशवाह, नेतराम मौर्य, दिवाकर शर्मा, शरद गुप्ता आदि शामिल हैं।