कासगंज। चांड़ी रोड पर सोमवार देर शाम लोडर वाहन में गोवंश ले जाने की सूचना पर लोग भड़क गए। आक्रोशित लोगों ने वाहन को रोककर तोड़फोड़ कर दी। बजरंग दल व गोरक्षा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर आ गए। पुलिस ने वाहन में मिले मवेशियों को गोशाला भेज दिया है। पुलिस हेल्पर से पूछताछ कर रही है।
सहावर की ओर से एक लोडर वाहन मवेशियों को लादकर कासगंज की ओर आ रहा था। चांड़ी चौराहा के पास लोगों ने गोवंश को कटान के लिए ले जाने की आशंका पर एक वाहन को रोक लिया। जानकारी मिलने पर गोरक्षा दल व बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर आ गए। इसके बाद लोग उग्र हो गए और वाहन में तोड़फोड़ कर दी। हंगामे के बीच चालक मौके से भाग गया। जबकि भीड़ ने हेल्पर को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सदर सीओ आंचल चौहान भी मौके पर पहुंच गई। वाहन की तलाशी ली गई। उसमें 8 मवेशी निकले। पुलिस ने उनको गोशाला में भेजने की व्यवस्था की। लोडर वाहन व हेल्पर को पुलिस अपने साथ थाने ले आई। पुलिस ने हेल्पर दानिश निवासी सहावर से पूछताछ की। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मवेशी सहावर से अलीगढ़ ले जाए जा रहे थे। इनको किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है।