खंदौली। एत्मादपुर विधानसभा के खंदाैली में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को भाजपा ने एकता पदयात्रा निकाली। यमुना एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और सामाजिक संगठन के लोग शामिल हुए।
करीब सात किलोमीटर तक चली यात्रा पर रास्ते में फूल बरसाकर स्वागत किया गया। देशभक्ति के तराने गूंजते रहे। लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाए। गांव सैमरा में जनसभा भी की गई।
यात्रा खंदाैली पुल के नीचे से शुरू हुई। स्थानीय लोगों ने जलपान का स्टॉल लगाकर स्वागत किया। बच्चों ने सरदार पटेल के चित्रों वाली तख्तियां लेकर एकता और सद्भाव का संदेश दिया। जनसभा में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एक सूत्र में बांधकर राष्ट्र की अखंडता का मार्ग प्रशस्त किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि यह यात्रा समाज में आपसी भाईचारे, एकता और देशभक्ति की अलख जगाती है। एत्मादपुर विधायक धर्मपाल सिंह चौहान ने कहा कि समाज एकजुट होकर ही विकास, सद्भाव और राष्ट्रहित की राह पर आगे बढ़ सकता है। इस दाैरान भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, यात्रा प्रभारी अनिल चाैधरी भी माैजूद रहे।