जिले में बुखार के मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। जिला अस्पताल में लगातार भीड़ पहुंच रही है। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 976 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पताल में भर्ती एक वृद्ध की सांस लेने में दिक्कत के चलते मौत हो गई।
मंगलवार को सुबह से ही जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल में बुखार से पीड़ित होने पर 55 मरीजों को भर्ती कराया गया। अस्पताल में बुखार के मरीज अधिक पहुंचने के कारण बेडों की कमी देखी गई। बेड की कमी के चलते कुछ बेडों पर दो-दो मरीज लिटाने पड़े। 100 बेड के अस्पताल में 200 बेड डालकर मरीजों को उपचार दिया जा रहा है इसके बाद भी बेड कम पड़ रहे हैं। सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार गर्ग ने मंगलवार को भी तीन बार अस्पताल के सभी वार्डों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों का हाल जाना और उनकी जांच रिपोर्ट भी देखी। कई मरीजों को उन्होंने स्वयं भी परामर्श देते हुए दवा उपलब्ध कराई।
------
23 स्थानों पर शिविर लगा 830 मरीजों को दिया उपचार
जिले में बुखार की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। सीएमओ डॉ. पीपी सिंह के निर्देश पर मंगलवार को जिले में 23 स्थानों पर शिविर लगाकर मरीजों की जांच करते हुए उपचार दिया गया। सीएमओ नेलोगों से अपील की है कि वे घरों के पास सफाई रखें और बुखार आने पर सरकारी अस्पताल में पहुंचकर उपचार लें।