पथौली स्टेशन पर दिखेगा ‘बरसाने’ का नजारा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
स्वच्छता की थीम पर बनाई जा रही अक्षय कुमार की फिल्म ‘टायलेट एक प्रेमकथा’ की शूटिंग आगरा में स्पेशल ट्रेन में होगी। इसके लिए पांच डिब्बों वाली स्पेशल ट्रेन उत्तर मध्य रेलवे की ओर से फिल्म यूनिट को दी जाएगी। फिल्म के कुछ दृश्यों में पथौली स्टेशन को मथुरा के बरसाना स्टेशन का रूप दिया जाएगा। अक्षय कुमार और भूमि पेडणेकर की मुख्य भूमिकाओं वाली इस फिल्म की शूटिंग पथौली से फतेहपुरसीकरी और भरतपुर के रूपवास में भी होगी। शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक प्रभाष कुमार ने पथौली से फतेहपुरसीकरी तक ट्रैक का निरीक्षण किया।
टायलेट एक प्रेमकथा के कुछ दृश्यों का फिल्मांकन आगरा में दो स्पेशल ट्रेनों में किया जाएगा। फिल्म निर्माता कंपनी ने इलाहाबाद स्थित उत्तर मध्य रेलवे से पांच डिब्बों वाली डीजल चालित दो ट्रेनों की अनुमति मांगी है। इस फिल्म की थीम नंदगांव और बरसाना समेत ब्रज की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कई माह से इस फिल्म की शूटिंग मथुरा के बरसाना गांव में की जा रही है। आगरा में ट्रेन में होने वाली शूटिंग 20 और 21 दिसंबर को की जानी है। वायु विहार के पास स्थित पथौली स्टेशन से ट्रेन फतेहपुरसीकरी और रूपवास तक मूवमेंट करेगी। इस दौरान फिल्म की शूटिंग की जाएगी। स्पेशल ट्रेन की अनुमति इलाहाबाद मुख्यालय से दी जाएगी। शूटिंग की व्यवस्थाओं के लिए शनिवार को डीआरएम प्रभाष कुमार ने टावर वैगन से पथौली से फतेहपुरसीकरी स्टेशन तक दौरा करके ट्रैक का निरीक्षण किया। एडीआरएम दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के लिए स्पेशल ट्रेन की अनुमति का मामला प्रोसेस में है।
मथुरा में विवादों में घिरी थी फिल्म
आगरा। बरसाना में इस फिल्म की शूटिंग के दौरान विवाद खड़े हो गए थे। साधु संतों ने नंदगांव और बरसाने के बीच संबंध दिखाने संबंधी चर्चाओं के बाद फिल्म की शूटिंग नहीं होने देेने का एलान कर दिया था। विवाद खड़ा होने के बाद फिल्म के निर्देशक ने साधु संतों के सामने वस्तुस्थिति रखी थी। फिल्म के नाम पर भी एतराज जताया गया था। बाद में मामला सुलझ गया था।