फिरोजाबाद के टूंडला के लाइनपार क्षेत्र स्थित नगला रति में ग्राम प्रधान के जेठ के बेटे (भतीजा) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव उसके दोस्त के घर में मिला। परिजनों ने दोस्त पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला रति निवासी प्रमोद कुमार उर्फ छोटे (33) ग्राम प्रधान भगवान देवी के जेठ के बेटे थे। वह मजदूरी करते थे। परिजनों के मुताबिक प्रमोद रविवार शाम 7 बजे घर से निकले थे। देर रात तक न लौटने पर तलाश की जाने लगी। सोमवार तड़के 3 बजे प्रमोद के मित्र प्रदीप ने सूचना दी कि प्रमोद को उसके घर में कुछ हो गया है। जब परिजन वहां पहुंचे तो ताला लगा मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदीप की तलाश करते हुए उससे ताला खुलवाया तो प्रमोद का शव कुर्सी पर मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने पड़ताल करते हुए साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की पत्नी रेनू ने हत्या की साजिश बताते हुए पुलिस में तहरीर दी है। रेनू का आरोप है कि रविवार शाम को उसके पति को प्रदीप घर से बुलाकर ले गया था। उसके बाद वह पूरी रात वापस नहीं लौटा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है तथा उससे पूछताछ कर रही है।
पार्टी के दौरान हो गया था अचेत
पुलिस गिरफ्त में बैठे प्रदीप कुमार ने बताया कि वह कृषि विभाग आगरा में सेवारत है। रविवार रात्रि उसने दोस्त प्रमोद कुमार के साथ पार्टी की थी। मध्यरात्रि बाद तक वह पीते व खाते रहे थे। प्रमोद कुर्सी पर बैठे-बैठे अचेत हो गया था। जब वह आगे की तरफ झुक गया तो उसने उसे उठाने का प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं उठा। तब उसने परिजनों को उसकी सूचना दी।