कासगंज। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत/जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 के अंतर्गत जमा किए गए नामांकन पत्रों की शुक्रवार से दो दिन जांच की जाएगी, जबकि 18 अप्रैल को नामांकन वापसी की जा सकेगी। इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 16 व 17 अप्रैल को प्रात: 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक संवीक्षा की जाएगी। 18 अप्रैल को सुबह 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकती है। इसी दिन अपराह्न 3 बजे से कार्य की समाप्ति तक चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा। मतदान 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से अपरान्ह 6 बजे तक एवं मतगणना 2 मई को प्रात: 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा करने, उम्मीदवारी वापस लेने तथा चुनाव चिन्ह आवंटन का कार्य, ग्राम पंचायत के प्रधानों, सदस्यों एवं क्षेत्र पंचायत के सदस्यों के लिए विकास खंड मुख्यालयों पर व्यवस्था की गई है।
सदस्य जिला पंचायत के लिए कलक्ट्रेट परिसर में नियत स्थानों के अनुसार वार्ड 1 से 7 तक के लिए न्यायालय अपर जिलाधिकारी न्यायिक कासगंज, कक्ष संख्या 33 में, वार्ड 8 से 15 तक के लिए न्यायालय सहायक आयुक्त स्टांप कासगंज, कक्ष संख्या 34 में, वार्ड 16 से 23 तक के लिए न्यायालय अपर जिलाधिकारी कक्ष संख्या 28 में प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।