जीआरपी की ऑपरेशन मुस्कान टीम ने यूपी, हरियाणा और पंजाब के छह गुमशुदा बच्चों को खोजकर उनके परिवार से मिलाया। अलग-अलग बालगृहों में मिले इन बच्चों को सुपुर्द किए जाने पर परिजन के चेहरे पर खुशी लौट आई।
रेलवे पुलिस आगरा कैंट के अनुसार टीम को नई दिल्ली के साथी शेल्टर होम और अपना घर आश्रम पहाड़गंज में बच्चे मिले। इनमें रायबरेली के 13-14 वर्ष के दो बालक, रोहतक (हरियाणा) का 12 वर्षीय बालक, आंबेडकरनगर का 15 वर्षीय किशोर, पटियाला (पंजाब) का 14 वर्षीय बालक और हाथरस का 13 वर्षीय बालक शामिल हैं।
टीम ने इन बच्चों से पूछताछ की। गूगल मैप और मोबाइल नंबरों के जरिए परिजन से संपर्क किया गया। सभी मामलों में परिजन सीडब्ल्यूसी-3 नई दिल्ली के समक्ष प्रस्तुत हुए, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बच्चों को सुपुर्द किया गया। अपने बच्चों को सकुशल पाकर परिजन ने जीआरपी आगरा टीम का आभार जताया।