आगरा में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का असर कम होने पर जिला अस्पताल में शुक्रवार से जुकाम-खांसी, बुखार और सर्जरी की ओपीडी शुरू होगी। सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मरीज देखे जाएंगे। कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने के कारण 30 अप्रैल से ओपीडी बंद थी।
एसआईसी डॉ. एके अग्रवाल ने बताया कि ओपीडी सुबह आठ से दो बजे तक चलेगी। बुखार, खांसी और जुकाम के अलावा सर्जरी की ओपीडी होगी। सर्जरी में आंख, ईएनटी, पेट रोग, हड्डी समेत अन्य सामान्य ऑपरेशन किए जाएंगे। इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे चलेंगी।
मरीजों की भीड़ से बचने के लिए सीमित मरीजों को ही देखा जाएगा। पोस्ट कोविड सेंटर भी चलेगा, जिसमें विशेषज्ञ होंगे। अपर मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंस करते हुए कोरोना वायरस की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने के भी निर्देश दिए हैं।