फिरोजाबाद। शिकोहाबाद जाने के लिए मुस्तफाबाद के समीप वाहन का इंतजार कर रहे जीजा और साले को अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। साले की मौके पर मौत हो गई, जबकि जीजा घायल हो गया। सूचना पर मृतक के परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची।
एका थाना क्षेत्र के गांव पैढ़त निवासी धर्मवीर (40) अपने बहनोई जयवीर सिंह निवासी गांव जेड़ा थाना एका के साथ शिकोहाबाद जाने को मुस्तफाबाद चौराहा के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक अनियंत्रित वाहन ने जीजा साले को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में धर्मवीर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जयवीर सिंह घायल हो गया। हादसा होते ही काफी संख्या में लोग मौके एकत्रित हो गए। एका थाना पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल जयवीर को अस्पताल भेजने के साथ ही धर्मवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष एका नरेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि हादसे में एक युवक की मौत और दूसरा घायल हुआ है। दोनों के बीच में जीजा और साले का रिश्ता है। धर्मवीर खेती करके परिवार का भरण पोषण कर रहा था।