फिरोजाबाद। एटीएफ मेरठ और सिरसागंज थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 11 क्विंटल 20 किलो गांजा सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ से अधिक आंकी गई है।
एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि एसएसपी अशोक कुमार शुक्ल के निर्देश पर जिले भर में मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान एसटीएफ मेरठ के प्रभारी सुनील कुमार और थानाध्यक्ष सिरसागंज प्रवींद्र कुमार ने मुखबिर की सूचना पर उखांड़ के समीप से ट्रक को पकड़ लिया। इस दौरान तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम सतेंद्र कुमार व मानवेंद्र निवासी मुढई प्रहलाद नगर थाना जलेसर जिला एटा तथा योगेंद्र निवासी पचपैरा भिसी मिर्जापुर थाना सिकन्दराराऊ जनपद हाथरस बताया गया है। ट्रक की तलाशी के दौरान 11 क्विंटल 20 किलो गांजा बरामद किया गया। बरामद किए गए गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये है। इस दौरान बिना नंबर की एक कार भी बरामद की गई है। कार ट्रक के आगे रेकी करती हुई चल रही थी।