घिरोर क्षेत्र के गांव नाइकूड़ निवासी कोरोना संक्रमित महिला की बुधवार को मेडिकल कॉलेज सैफई में मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 25 पहुंच गई है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1306 पहुंच गई है। 1076 लोग अब तक कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। 205 संक्रमितों का वर्तमान में उपचार चल रहा है।
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने बताया कि नाइकूड़ निवासी एक महिला कुछ दिनों पूर्व दुर्घटना में घायल हो गई थी। उसका मेडिकल कॉलेज सैफई में उपचार चल रहा था। जांच में महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी।
ये भी पढ़ें- अपराजिताः पदकों पर निशाना लगाकर बदली समाज की सोच, ताजनगरी की युवतियों ने फहराया देश-विदेश में परचम
बुधवार की सुबह उपचार के दौरान सैफई में महिला की मौत हो गई। महिला के शव को स्वास्थ्य विभाग की देखेरख में अंत्येष्टि के लिए गांव भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने महिला के संपर्क में आने वालों की भी जांच की है।
शहर के 16 लोगों सहित 21 और मिले संक्रमित
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को मैनपुरी शहर में 16 संक्रमित मिले। इनमें मोहल्ला अग्रवाल, हरवंश नगर, देवपुरा और कृष्णा नगर में दो-दो, शंकर मिल कॉलोनी और दौलतपुर में तीन-तीन, राधारमन रोड और मोहल्ला छपट्टी में एक-एक कोरोना संक्रमित मिला। इसके अतिरिक्त घिरोर के नाहिली, जागीर, करहल, किशनी और जिले में अस्थाई रूप से निवास कर रही कानपुर निवासी एक महिला कोरोना संक्रमित निकली है।
सीएमओ ने किया कोविड वार्ड का निरीक्षण
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने बुधवार को कोविड सेंटर भोगांव पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना। सीएमओ ने यहां तैनात नोडल अधिकारी से संक्रमित मरीजों के उपचार और भोजन आदि की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रदीप कुमार, विवेक राजपूत, रविंद्र सिंह गौर आदि लोग मौजूद रहे।