घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
भोगांव थाना क्षेत्र के असफपुर गांव में घर में घुसकर अज्ञात लुटेरों ने एक वृद्धा को मारपीट कर हत्या कर दी। चोरों ने घर में रखी हजारों रुपये की नगदी और आभूषण लूट लिए। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक, फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पौत्र ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में मुकद्दमा दर्ज कराया है।
असफपुर गांव निवासी मोहित पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 दिसंबर को वह अपने मामा की मृत्यु पर परिजनों के साथ ननिहाल गया हुआ था। घर में उसकी 95 वर्षीय दादी नन्हीं देवी अकेली थी। बीती रात किसी समय अज्ञात चोर उसके घर में दरवाजा तोड़कर चोरी करने के इरादे से घुस गए। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी 20 हजार की नकदी और दो सोने की अंगूठी चोरी कर लीं।
आंगन में उसकी दादी सो रही थी। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चोरों ने जाते समय दादी के कानो के टॉप्स भी खींच लिए, उसी समय दादी के द्वारा विरोध करने पर चोरों ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि उन्हें दिन के 10 बजे सूचना मिली थी। उन्होंने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कार्रवाई की जाएगी।