ताजनगरी आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी में सोमवार को केनरा बैंक के कर्मचारियों के साथ पुलिस व प्रशासन की टीम मकान पर कब्जा लेने पहुंची थी। पुलिस के जबरन मकान खाली कराने पर 62 वर्षीय मकान स्वामी कप्तान सिंह ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें आग लगाने से रोका। हंगामा होने पर पुलिस वृद्ध को थाने ले आई। एक दिन में मकान खाली करने की मोहलत दी गई है।
केनरा बैंक के लीगल एडवाइजर अरविंद सिंह ने बताया कि कप्तान सिंह ने बैंक से ऋण लिया था। मगर, किस्त अदा नहीं की। इस पर उन्हें नोटिस भेजे गए। मगर, उन्होंने बकाया रकम का भुगतान नहीं किया। इस पर वर्ष 2013 में मकान को बेच दिया गया। मगर, तब से कप्तान सिंह ने घर खाली नहीं किया है। बैंक की ओर से हाईकोर्ट में अपील की गई थी। हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस प्रशासन के साथ बैंक कर्मी गए थे।
वहीं कप्तान सिंह के बेटे संजय सिंह ने बताया कि घर में माता-पिता सहित छह लोग रह रहे हैं। तीन किरायेदार भी हैं। उन्होंने मकान बनवाने के लिए 7.75 लाख रुपये ऋण लिया था। वर्ष 2013 में चुका भी दिया था। मगर, बैंक प्रबंधक ने गलत तरीके से मकान अपने परिचित को बेच दिया। उन्होंने हाईकोर्ट में अपील की है। अगर, मकान खाली कर देंगे तो वो लोग कहां जाएंगे? थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि कप्तान सिंह को एक दिन का समय दिया गया है।