आगरा में शमसाबाद, फतेहाबाद और ताजगंज क्षेत्र के 19 गांवों में बुधवार को प्रशासन ने चेतावनी नोटिस चस्पा कराए हैं। जिन पर लिखा है परचून की दुकानों से शराब नहीं खरीदें। यहां से शराब जहरीली हो सकती है। अगर कोई खुली शराब बेचता है तो पुलिस को सूचित करें।
पांच गांव में जहरीली शराब पीने से मौतों के बाद मातम पसरा है। आस-पास के गांव में मौतों का आंकड़ा न बढ़े इसके लिए लोगों को जिला प्रशासन ने बुधवार को जागरूक किया है। शराब निर्माण, बिक्री के अड्डों व परचून की दुकानों से बिक्री के संबंध में सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जाएगा। चेतावनी नोटिस पर मोबाइल नंबर दर्ज हैं। जिन पर कोई भी व्यक्ति सूचित कर सकता है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि लोकल इंटेलीजेंस को सक्रिय किया है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। बुधवार को कौलारा कला, शमसाबाद, ग्वालियर रोड, इनायत नगर, करोंधना, बुढ़ाना, नगला पाटम, इरादत नगर, महाव, दिगनेर, करबना, लकावली, बगदा, घौसी, नरैना बहरामन, सेवला जाट, ऊंचा गांव, बड़ा गांव और नगला विधि चंद्र में चेतावनी पोस्टर चस्पा किए गए हैं। इस दौरान गांवों में परचून की दुकानों पर छापामारी की गई। उनके फ्रीजर व गोदाम की जांच की गई, जहां कुछ नहीं मिला है।