मैनपुरी। जिले में बिना मान्यता के संचालित स्कूलों के संबंध में बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों से सूची मांगी थी। शनिवार को किशनी के खंड शिक्षाधिकारी की रिपोर्ट पर चार स्कूलों को बंद करने का नोटिस जारी किया गया है। जिले में अब तक 35 स्कूलों को बिना मान्यता के संचालित होने पर नोटिस जारी किए गए हैं।
बीएसए कमल सिंह ने बताया कि जिले में बिना मान्यता के संचालित स्कूलों को चिह्नित कर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। शनिवार को खंड शिक्षाधिकारी किशनी की रिपोर्ट पर न्यू सन साइन चिल्ड्रन एकेडमी किशनी, एमएस एजूकेशन एकेडमी मैनपुरी रोड कुसमरा, स्वर्गीय गोपाल शुक्ला पब्लिक स्कूल अरसारा और रामभरोसे लाल पब्लिक स्कूल सोनासी को नोटिस जारी कर तत्काल बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। बीएसए ने कहा कि जिन स्कूलों को अभी तक नोटिस जारी हुए हैं वे हर हाल में स्कूल बंद कर दें अन्यथा उनके ऊपर विभागीय कार्रवाई के साथ जुर्माना वसूला जाएगा।