आगरा। बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे 52 तरणताल संचालकों को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय की तरफ से नोटिस जारी किया गया है। जिले में मात्र नौ तरणताल संचालकों ने नवीनीकरण के लिए आवेदन किया है। जबकि 150 से अधिक तरणताल शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे हैं।
गर्मी के मौसम में युवा, बच्चे और महिलाएं तरणताल तैराकी सीखने जाते हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय ने तरणताल और जिम संचालकों को पंजीकरण व नवीनीकरण के लिए नोटिस भेजे थे। नौ तरणताल संचालकों ने नवीनीकरण के लिए आवेदन किया है। इसके अलावा किसी की तरफ से कोई आवेदन नहीं किया गया है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के बाद मानक सही मिलने पर इनका नवीनीकरण किया जाएगा। 20 मई तक का सभी को समय दिया गया है। उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पंजीकरण के नियम
किसी भी तरण ताल के पंजीकरण या नवीनीकरण के लिए 22 से अधिक दस्तावेज अनिवार्य है। खेल विभाग का लाइसेंस, प्रशिक्षित महिला और पुरुष लाइफ गार्ड का होना आवश्यक है। महिला तैराकों के लिए महिला कोच, फर्स्ट एड किट, रस्सा और पानी की नियमित जांच रिपोर्ट भी अनिवार्य है। गहराई संबंधी साइनबोर्ड भी लगाना जरूरी है।