नामांकन के लिए कलक्ट्रेट पर की गई बैरिकेडिंग
- फोटो : अमर उजाला
आगरा उत्तर विधानसभा उपचुनाव के नामांकन का आज आखिरी दिन है। नामांकन पत्र जमा करने के लिए यहां लंबी लाइन लगेगी। इसके लिए कलक्ट्रेट में व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। प्रत्याशियों के साथ आने वाले जुलूसों को कलक्ट्रेट के बाहर ही रोक दिया जाएगा। भाजपा, सपा और कांग्रेस के प्रत्याशी भी आज ही नामांकन दाखिल करेंगे।
उपचुनाव के नामांकन के लिए 22 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। 29 अप्रैल को अंतिम दिन है। प्रत्याशी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपर जिलाधिकारी नगर की कोर्ट में अपना फार्म जमा कर सकते हैं।
अब तक सिर्फ चार प्रत्याशियों ने ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। जबकि 79 दावेदार फार्म ले गए हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अंतिम दिन नामांकन के लिए लंबी लाइन लग सकती है। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ उसके प्रस्तावक ही साथ जा पाएंगे। शेष को बाहर ही रोक दिया जाएगा।