कासगंज में नामांकन पत्र खरीदे सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री मानपाल सिंह
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जिले में नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। पहले दिन नामांकन पत्र अलग-अलग दलों व निर्दलीय लोगों द्वारा खरीदे गए। सर्वाधिक नामांकन अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों द्वारा खरीदे गए।
डीएम के द्वारा निर्वाचन की अधिसूचना जारी करने के बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद नामांकन पत्र लेने के लिए प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि पहुंचे। कासगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह के लिए नामांकन खरीदने उनके प्रतिनिधि मोहम्मद अनीश पहुंचे। सपा के प्रत्याशी के रूप में पूर्व मंत्री मानपाल सिंह स्वयं अपना नामांकन पत्र खरीदने पहुंचे। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के लिए मानपाल सिंह पुत्र नौबतराम, राष्ट्रीय सूर्य प्रकाश पार्टी के लिए इंद्रपाल सिंह पुत्र महाराज सिंह और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के लिए मुनेंद्र पाल सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सुजीत पांडे पुत्र चंद्रशेखर पांडे ने कुलदीप पांडे के प्रतिनिधि के रूप में नामांकन खरीदा। कासगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए छह नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। अमांपुर विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक नौ नामांकन खरीदे गए। भाजपा के लिए पूर्व विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी बीना देवी, बसपा की ओर से प्रत्याशी सुभाषचंद्र, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पुत्र लीलाधर, आम आदमी पार्टी की ओर से मनोज कुमार, इंडिया जन शक्ति पार्टी की ओर से आशीष कुमार, अखंड आर्यवर्त निर्माण संघ की ओर से कपिल कुमार, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में बृजेंद्र सिंह व विनीत कुमार एवं जितेंद्र नामांकन पत्र खरीदा। पटियाली विधानसभा के लिए बसपा प्रत्याशी के रूप में नीरज किशोर मिश्रा के लिए उनके प्रतिनिधि संजीव कुमार ने दो सैट खरीदे। अतर सिंह पाल के लिए उनके प्रतिनिधि सुशील कुमार ने नामांकन खरीदा। किरण यादव के लिए उनके प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह सचान ने नामांकन खरीदा। वहीं मुनीम सिंह के लिए उनके प्रतिनिधि मोहम्मद शाहिर ने नामांकन खरीदा। मंगलवार को कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया।