कासगंज। जिला में 52 दिन बाद कोरोना का कोई मामला सामने नहीं आया है, जिससे अब जिला में तीसरी लहर के समाप्त होने की संभावना जताई जाने लगी है, लेकिन अभी भी लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। कोई भी मामला न आने से स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली है।
25 दिसंबर को अमांपुर क्षेत्र में पहला मामला सामने आया था। इसके बाद लगातार संक्रमित सामने आने लगे। लोगों की लापरवाही से जनपद में कोरोना तेजी से पैर पसारने लगा। जनवरी माह में तेजी से मामले बढ़े। 620 लोग संक्रमण की चपेट में आ गए। फरवरी से मामलों में गिरावट आना शुरू हो गई, लेकिन आंकड़ों में उतार चढ़ाव बना रहा। इस माह में अब तक 68 लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। संक्रमण की रफ्तार थमना शुरू हो जाने से अब तीसरी लहर के समाप्त होने की उम्मीद बढ़ गई है। विभाग द्वारा कराई गई 803 एंटीजन जांच में एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। वहीं, 752 आरटीपीसीआर सैंपल जांच के लिए भेजे गए है। जिला में अब सक्रिय मरीजों की संख्या भी घटकर 16 रह गई है।