आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित दुर्गा नगर निवासी गौरव जादौन ने अपने घर के बाहर पलायन का पोस्टर चस्पा किया है। इसका वीडियो और फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। उनका आरोप है कि मारपीट के आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
गौरव जादौन ने 19 सितंबर को थाना एत्माद्दौला में सौरभ और चार अज्ञात के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया। इसमें कहा कि 17 सितंबर को प्रकाश नगर निवासी सौरभ ने नुनिहाई पुलिस चौकी के पीछे बुलाया। सौरभ के साथ उसके चार साथी भी थे। सौरभ और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। इसकी जानकारी पुलिस को दी। इस पर मेडिकल कराया गया।
अधिकारियों से शिकायत पर दो दिन बाद मुकदमा दर्ज हुआ। अधिकारियों के आदेश पर दोबारा मेडिकल कराया गया। इसकी रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उन्हें धमकी मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर मंगलवार को गौरव के घर के बाहर लगे पलायन के पोस्टर का फोटो और वीडियो वायरल हो गया। थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि मुकदमा दर्ज है। विवेचना की जा रही है। दोबारा मेडिकल की रिपोर्ट नहीं मिली है।