आगरा जिले के जैतपुर क्षेत्र के क्यारी गांव में शनिवार की रात गाली देने के विरोध पर एक परिवार पर हमला कर दिया गया। मारपीट से बचने के लिए भागी ग्रामीण की सात माह की गर्भवती पत्नी के बाल पकड़कर घसीटने का आरोप है। हमले में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। हमले का आरोप पड़ोसी पर है। दोनों परिवारों के बीच 15 दिन पहले भी पानी की टंकी के विवाद में मारपीट हुई थी।
क्यारी गांव में शनिवार रात दुर्गा प्रसाद के घर पर पड़ोसी राम किशन और उसके परिवारवालों ने हमला कर दिया। दुर्गा प्रसाद ने पुलिस को बताया कि 15 दिन पहले हुई मारपीट की ही रंजिश में उसके परिवार पर यह हमला किया गया है।
आरोप है कि शनिवार की रात पुरानी रंजिश में शराब पीकर राम किशन पक्ष के लोग उसके घर के सामने खड़े होकर गालियां दे रहे थे। इसका विरोध करने पर लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और हमला कर दिया। मारपीट में दुर्गा प्रसाद, उनकी पत्नी राधिका, चाचा शांति स्वरुप, चाची अंगूरी देवी घायल हुई हैं।
आरोपियों ने दुर्गा प्रसाद की गर्भवती पत्नी राधिका को भी नहीं बख्शा। उसे बाल पकड़कर घसीटा गया। वह सात महीने की गर्भवती है। एसओ ने बताया कि घायलों को मेडिकल के लिए बाह सीएचसी पर भर्ती कराया गया। जहां से दुर्गा प्रसाद, शांति स्वरुप और राधिका को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन आरोपी नहीं मिले।