उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पड़ोसी महिला ने एक शिक्षिका की बेटी के साथ मारपीट की। बचाने पर शिक्षिका पर भी हमला बोल दिया। शिक्षिका शिकायत लेकर थान पहुंची। यहां उसने मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया। इसके बाद भी उसे थाने से भगा दिया गया।
जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के अवधपुरी निवासी रेखा कुमारी शिक्षिका हैं। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी की शाम को बेटी घर का सामान खरीदने बाजार गई थी। रात करीब 9 बजे एक्टिवा से घर लौटते समय पड़ोसी युवक और उसकी पत्नी ने बेटी को रोक लिया। चाबी निकाल ली। इसके बाद दोनों ने धक्का देकर बेटी को एक्टिवा समेत गिराकर चप्पल से पीटने लगे। वह बचाने पहुंचीं तो उन पर भी हमला बोला गया।
सीसीटीवी फुटेज में लूट नजर नहीं आ रही
जगदीशपुरा थाना प्रभारी देवेंद्र शंकर पांडेय का कहना है कि महिला तहरीर देने आई थी। लूट का आरोप लगा रही थी। मगर सीसीटीवी फुटेज में लूट नजर नहीं आ रही है। मौके पर चौकी प्रभारी को भेजा गया था। महिला से मारपीट की तहरीर देने के लिए कहा गया है।