आगरा में लगे स्मार्ट सिटी के कैमरों के रखरखाव और संचालन में लापरवाही सामने आ रही है। कहीं कैमरों की दिशा आसमान की तरफ हो गई है तो कहीं पेड़ों में छिपाकर लगा दिए हैं। यह तब है जब चोरी और लूट की वारदात सामने आ रही हैं। अमर उजाला ने शनिवार को कैमरों की हकीकत की पड़ताल की तो यह सामने आया।
कलक्ट्रेट के गेट पर कैमरा ले रहा आसमान का नजारा
कलक्ट्रेट के गेट के सामने कट पर स्मार्ट सिटी के तहत दो कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों से गेट से निकलने वाले से लेकर एमजी रोड से निकलने वाले वाहनों पर नजर रखी जाती है। कलक्ट्रेट में डीएम और एसएसपी तक आते हैं। इसके बावजूद इन कैमरों की देखरेख का बुरा हाल है। शनिवार को इन कैमरों की दिशा आसमान की तरफ थी। ऐसे में सड़क पर लोगों के फुटेज कैसे आएंगे।
ये भी पढ़ें- ताजमहल खुलने का इंतजारः वीकएंड में छह स्मारकों को देखने आए महज 538 सैलानी
मारुति एस्टेट पर पेड़ों में छिपा है कैमरा
एमजी रोड दो के मारुति एस्टेट चौराहे पर भी कैमरे लगाए गए हैं। मारुति एस्टेट, अवधपुरी मार्ग पर दो तरीके के कैमरे लगे हैं। एक कैमरे से 360 डिग्री पर नजर बनाई जा सकती है, जबकि दूसरे से एमजी रोड दो के मानस नगर, चाणक्य पुरी की ओर से आने वालों की तरफ देखा जा सकता है। मगर, यह कैमरे पेड़ों के बीच में छिपा दिए गए हैं। ऐसे में फुटेज आना काफी मुश्किल है।
स्मार्ट सिटी के तहत लगाए सीसीटीवी का हाल
- फोटो : अमर उजाला
होर्डिंग को देख रहा कैमरा
शाहगंज चौराहे पर भी चारों तरफ देखने के लिए कैमरे लगाए गए हैं। एक कैमरा भोगीपुरा चौराहे की ओर से आने वाले वाहन और उसकी तरफ जाने वाले वाहनों पर नजर के लिए है। इस कैमरे की दिशा एक होर्डिंग की ओर है। ऐसे में सिर्फ होर्डिंग का ही फुटेज आएगा। सड़क की तरफ न होने की वजह से फुटेज वाहनों के नहीं आएंगे। यह तब है, जब चौराहे पर हर समय पुलिस भी रहती है।
लोहामंडी पर ऊपर-नीचे घूम गए कैमरे
लोहामंडी चौराहे पर लगे कैमरों की भी देखरेख नहीं की जा रही है। इस वजह से कैमरे ऊपर नीचे की तरफ घूूम गए हैं। ऐसे में सही फुटेज आना बिल्कुल मुश्किल है। इस चौराहे पर हर समय वाहनों का जाम रहता है। स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम से वाहनों को खड़ा करनेसे रोकने के लिए नजर नहीं बनाई जा सकती।
वारदात के खुलासे में नहीं आए काम
दो महीने पहले थाना सिकंदरा की कॉलोनी में सेवानिवृत्त शिक्षक के घर में डकैती की वारदात हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को चेक किया था। स्मार्ट सिटी के कैमरे देखे। मगर, कैमरों में बदमाशों के फुटेज नहीं आए थे। जबकि आरोपी बोदला चौराहे से ही निकले थे। वहीं कोठी मीना बाजार में चांदी लूट हुई थी। साकेत कॉलोनी चौराहे पर कैमरे लगे हैं। इन कैमरों में आरोपियों के फुटेज आए थे, लेकिन चेहरों की तरफ दिशा नहीं होने की वजह बदमाशों के चेहरे साफ नहीं आए थे।
स्मार्ट सिटी सेंटर को दी गई है जानकारी
किसी तरह की वारदात होने पर स्मार्ट सिटी के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा जाता है। मगर, कई बार फुटेज नहीं मिल पाते हैं। इस बारे में स्मार्ट सिटी सेंटर को जानकारी दी गई है। - बोत्रे रोहन प्रमोद, एसपी सिटी