आगरा: नीट में पांचवीं रैंक पर खुशी मनाता निखर का परिवार
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) में आगरा के लाल निखर अग्रवाल की मेहनत निखर कर आई। उन्होंने समस्त भारत में पांचवीं रैंक हासिल की है। इनको कुल 720 में से 715 अंक मिले हैं। इनके बड़े भाई शिखर बंसल ने 2018 में नीट में प्रदेश में टॉप किया था। इनकी 28वीं रैंक मिली थी।
पिता हड्डी रोग विशेषज्ञ
मधु नगर डिफेंस इस्टेट निवासी हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय बंसल के बेटे हैं। इन्होंने बताया कि बीते करीब ढाई साल से बेटा नीट की तैयारियों में जुटा था। कोरोना महामारी में इसकी तैयारियां प्रभावित जरूर हुईं, लेकिन अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी। बेटे की सफलता पर मां पूर्णिमा बंसल खुशी से फूली नहीं समा रहीं। बोली, मेरे घर तो तीन दिन पहले ही दिवाली हो गई। निखर का कहना है कि पढ़ाई नियमित हो और तनाव से दूर रहकर ही बेहतर तैयारी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि अब उनका मकसद दिल्ली एम्स में प्रवेश लेना है।
कई कोचिंग चुनने से बचें, खुद की पढ़ाई पर करें भरोसा: निखर
निखर का कहना है कि नीट की तैयारियों के लिए छात्र पसोपेश में रहते हैं। इसके लिए वह कई कोचिंग से पढ़ाई करते हैं, लेकिन इससे ज्यादा लाभ नहीं मिलता। इसलिए खुद की पढ़ाई पर भरोसा करें। क्या परिणाम आएगा कौन सा कॉलेज मिलेगा इसे लेकर तनाव न पालें। सोशल मीडिया पर समय बरबाद कतई न करें। वह खुद इससे दूर ही रहे।
प्रथम अग्रवाल ने पाई 38वीं रैंक
नार्थ ईदगाह रहने वाले प्रथम अग्रवाल ने 38वीं रैंक हासिल की है। इनको 720 में से 710 अंक मिले हैं। इनका कहना है कि नीट की तैयारियों के लिए मॉक टेस्ट बेहद फायदेमंद है। इससे तैयारियों को बेहतर परखा जा सकता है। एनसीआरटी पर ज्यादा जोर होना चाहिए। इनके पिता अतिन अग्रवाल ने बताया कि वह खुद व्यवसायी हैं, पहले बेटी मानसी अग्रवाल एसएन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष की छात्रा है, अब बेटा भी डॉक्टर बनकर सेवा करेगा। मां सोनल अग्रवाल ने बताया कि बेटे ने हाईस्कूल सेंट पीटर्स कॉलेज से 97 परसंटाइल और माता कस्तूरी देवी स्कूल से 95 फीसदी अंकों से इंटरमीडिएट की।
अनीषा, जागवेंद्र और शिप्रा को भी मिली सफलता
होराइजन क्लासेज के जय वर्मा ने बताया कि प्रथम अग्रवाल के अलावा शहर की अनीषा ने 2521 रैंक, जागवेंद्र को 1549 और शिप्रा बंसल को 1603 रैंक हासिल की है।
NEET UG Result 2021: एनटीए ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट का परिणाम घोषित किया, आगरा के निखर बंसल को पांचवीं रैंक